Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्णिया, 31 मई (हि.स.)।
पूर्णिया में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) पूर्णिया, रोटरी क्लब पूर्णिया एवं पूर्णिया साइकिलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भव्य जागरूकता रैली निकाली गई।
आईएमए भवन से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए जीएमसीएच पूर्णिया परिसर पहुंची, जहां यह जनसभा में परिवर्तित हो गई। रैली में शामिल लोगों ने तंबाकू निषेध संबंधी संदेशों और नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।
रैली का नेतृत्व आईएमए पूर्णिया के अध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार, सचिव डॉ. प्रिंस पंकज एवं वित्त सचिव डॉ. तारकेश्वर कुमार ने किया। इस दौरान चिकित्सकों ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से तंबाकू और धूम्रपान जैसी घातक आदतों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। वरिष्ठ चिकित्सकों ने भी जनजागरूकता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
रैली को सफल बनाने में रोटरी क्लब पूर्णिया और पूर्णिया साइकिलिंग एसोसिएशन के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। साइकिल रैली के माध्यम से स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, वहीं बड़ी संख्या में युवाओं ने भी इसमें हिस्सा लेकर तंबाकू मुक्त पूर्णिया के निर्माण का संकल्प दोहराया। जीएमसीएच परिसर में आयोजित सभा में उपस्थित सभी लोगों को जीवन में कभी भी तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह