Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को मथुरा अड्डा स्थित स्मारक स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हवन-यज्ञ कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर उनके किसान हितैषी कार्यों को याद किया गया। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और किसानों ने चौधरी चरण सिंह के जीवन को सादगी, ईमानदारी और किसान हितैषी राजनीति का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ से हुई। ऊंचागांव के आर्य समाज से आए महिपाल सिंह आर्य एवं राजवीर सिंह आर्य ने विधि-विधान से हवन संपन्न कराया। हवन में राष्ट्रीय लोकदल समेत विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्णाहुति डालकर देश व समाज की खुशहाली की कामना की। नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष केशव देव चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा गांव, गरीब और किसान की आवाज को देश की संसद तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि जब देश में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जाता था, तब चौधरी चरण सिंह ने खेती, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय को लेकर मजबूत नीतियां बनाई थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना