Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम चंपारण (बगहा),29मई(हि.स.)। बगहा पुलिस जिला के धनहा थाना क्षेत्र के दौनहा मुख्य सड़क पर बारिश के दौरान शुक्रवार को सुबह करीब 7 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आमने-सामने दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया और दर्द से चीखता रहा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक ट्रक चालक मनीष यादव, पिता प्रेम नारायण यादव, रामनगर निवासी, लकड़ी लादकर बांसी की तरफ से धनहा आ रहा था। वहीं 22 चक्का का ट्रक चालक आरिफ मोहम्मद, पिता रविर मोहम्मद, बुधरामपुर उत्तर प्रदेश निवासी, बिहार से सामान उतारकर यूपी की ओर जा रहा था ।तभी दौनहा मेन चौक पर दोनों वाहनों में सीधी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय मुखिया रामशंकर राम ने तुरंत धनहा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धनहा थाना अध्यक्ष अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे चालक को निकालने के लिए तीन जेसीबी और दो लोडर मंगाए गए।
ग्रामीणों और पुलिस की घंटों मशक्कत के बाद स्टेयरिंग में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।दोनों घायलों को इलाज के लिए मधुबनी दहवा पीएचसी पहुंचाया गया।जहां डॉक्टर आयुष कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि दोनों चालकों के सीने, पैर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं हादसे के कारण कुछ घंटों तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही जिसके बाद में पुलिस ने यातायात सुचारू करने के लिए जाम हटवा दिया।उल्लेखनीय है कि चौतरवा से बांसी मुख्य मार्ग पर लगातार ओवरस्पीड और ओवरलोड वाहनों का परिचालन बड़े हादसों की वजह बनता जा रहा है ।
बिना परमिट गिट्टी, ईंट, बस, गाय लदी पिकअप और भारी वाहनों की आवाजाही धड़ल्ले से हो रही है ।जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, और लोगों की जान जा रही है। बावजूद इसके प्रशासनिक कार्रवाई पर लगातार सवाल उठ रहे हैं
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी