Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 29 मई (हि.स.)। नवगछिया नप सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में चुनाव संपन्न कराया गया। जिसमें नगर परिषद के कुल 26 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतगणना के बाद तीनों विजयी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गयी। चुनाव में वार्ड संख्या 24 के पार्षद रंजीत भगत उर्फ मुन्ना भगत ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी सुषमा देवी को 10 मतों से पराजित किया। रंजीत भगत को कुल 18 मत प्राप्त हुए, जबकि सुषमा देवी को 8 वोट मिले। समिति के दूसरे सदस्य के रूप में नागेश्वर सिंह ने जीत हासिल की। उन्हें 16 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अभिनंदन को 9 वोट मिले। वहीं तीसरे सदस्य के चुनाव में ज्ञान सागर ने भी 16 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके विपक्षी रवि मंडल को 9 मत प्राप्त हुए। इस तरह पूर्व से समिति में शामिल तीनों सदस्य एक बार फिर चुनाव जीतने में सफल रहे।
जिलाधिकारी के आदेश के आलोक में नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम ने निर्वाची पदाधिकारी के रूप में पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करायी। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया। समर्थकों ने एक-दूसरे को कबीर गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर