Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 29 मई (हि.स.)। शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश शुक्रवार को प्रयागराज नगर निगम के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में महापौर गणेश केसरवानी ने दिया।
उन्होंने नालों के दोबारा निरीक्षण, जलभराव रोकने, मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुधारने और हर वार्ड में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए कड़े निर्देश दिए। महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन तभी संभव है जब प्रशासन और आमजन मिलकर जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए नालों की सफाई व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। महापौर ने निर्देश दिए कि जिन नालों की सफाई पहले हो चुकी है उनका दोबारा स्थलीय निरीक्षण किया जाए ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए महापौर ने प्रत्येक वार्ड में मुहल्ला कमेटियों के गठन और नियमित बैठकों के आयोजन के निर्देश दिए। इन समितियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों को लेकर भी नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। महापौर ने कहा कि जिन दुकानों, खासकर शराब की दुकानों के बाहर डस्टबिन नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहर के अंधेरे क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत करने और खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में स्वास्थ्य और जनकल्याण को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक वार्ड में योगा सेंटर स्थापित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि यह पहल नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करेगी और सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करेगी।
बैठक में नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, सहायक नगर आयुक्त शिखा, मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान, मुख्य अभियंता संजय कटियार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल