Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बहराइच, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के श्रम व सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर अपने एक दिवसीय दौरे पर बहराइच पहुँचे। यहां उन्होंने चित्तौरा स्थित महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल का जायजा लिया और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पित किया। जायजा लेने के उपरान्त श्रम मंत्री ने पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
समाजवादी पार्टी पर हमलावर होते हुए मंत्री ने कहा कि सपा हमेशा पीडीए की बात तो करती है लेकिन उनके मुखिया ने न तो कभी पिछड़े वर्ग के महापुरुषों को याद किया न ही सनातन के महापुरुषों को।
अनिल राजभर ने उदाहरण देते हुए कहा कि सपा सरकार के दरम्यान यहां सालार मसऊद गाजी की दरगाह को सजाया जाता था, लेकिन महाराजा सुहेलदेव को कभी याद नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनकर तैयार खड़ा है, जहां हजारों की संख्या में लोग उन्हें नमन करने आते हैं। मंत्री ने कहा कि महापुरुषों की कोई जाति नहीं होती है। पूरे देश को उनका आदर और सम्मान करना चाहिए। अनिल राजभर ने बताया कि आगामी माह जून में महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA