Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 29 मई (हि.स.)। कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत और विकास की खबर सामने आई है। बिहार कैबिनेट ने पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत राज्य उच्च पथ संख्या-92 पर गणपतगंज से परवाहा तक सड़क निर्माण परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 703 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क की कुल लंबाई 47.432 किलोमीटर निर्धारित की गई है।यह परियोजना BSHP-IV (बिहार स्टेट हाईवे-IV प्रोजेक्ट) के तहत तैयार की जाएगी। सड़क निर्माण को लेकर सुपौल समेत आसपास के जिलों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने इसे कोसी-सीमांचल के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क बनने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।गौरतलब है कि हाल ही में सरायगढ़ से गणपतगंज तक टू-लेन सड़क का निर्माण कराया गया है। पहले यह सड़क जर्जर और संकीर्ण होने के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। अब गणपतगंज से परवाहा तक नई सड़क बनने से फारबिसगंज, अररिया सहित आसपास के क्षेत्रों से भागलपुर की ओर आने-जाने वाले लोगों को बेहतर और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। इससे यात्रा दूरी और समय दोनों में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि वीरपुर से बिहपुर तक सड़क निर्माण कार्य को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य पूरे कोसी क्षेत्र को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़कर विकास की गति को तेज करना है।
इस फैसले के बाद जदयू के वरिष्ठ नेता रामचंद्र प्रसाद यादव, शिक्षाविद डॉ. रणधीर कुमार राणा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र