Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित पिपिंग सेरेमनी में सेवानिवृत्त हो रहे 221 पुलिसकर्मियों को मानद पदोन्नति देकर सम्मानित किया गया। पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मियों को अगले उच्च रैंक के बैज पहनाए।
पुलिस अधिकारी के अनुसार दिसंबर 2025 में शुरू की गई ऑनरेरी रैंक प्रमोशन योजना के तहत आयोजित यह छठा समारोह था। योजना के तहत सेवानिवृत्ति के समय पुलिसकर्मियों को उनके लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल के सम्मान में एक रैंक ऊंचा मानद पद प्रदान किया जाता है।
इस मौके पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि सम्मानित हो रहे कर्मियों ने 35 से 40 वर्षों तक दिल्ली पुलिस, शहर और देश की निष्ठापूर्वक सेवा की है। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग केवल नौकरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का ऐसा भाव है, जो जीवनभर साथ रहता है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से समाज में भी अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने और पुलिस बल की गरिमा बनाए रखने की अपील की।
आयुक्त ने पुलिसकर्मियों के परिवारों के योगदान को भी सराहा और कहा कि उनके सहयोग और त्याग के बिना इतनी लंबी सेवा संभव नहीं हो सकती थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली पुलिस परिवार सेवानिवृत्ति के बाद भी अपने कर्मियों के साथ खड़ा रहेगा। कार्यक्रम में विशेष पुलिस आयुक्त (एचआरडी) रॉबिन हिबू और उनकी टीम के प्रयासों की भी सराहना की गई।
मानद पदोन्नति पाने वालों में 11 हेड कांस्टेबलों को सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई), 30 एएसआई को उपनिरीक्षक (एसआई) तथा 180 एसआई को इंस्पेक्टर के मानद पद से सम्मानित किया गया। समारोह में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों और उनके परिजन भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी