Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गुरदाहा गांव में एक युवक का शव नलकूप परिसर में पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। परिजन युवक को आनन-फानन फंदे से उतारकर एंबुलेंस की मदद से कस्बे के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शुक्रवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गुरदाहा गांव निवासी रोहित (19) पुत्र स्वर्गीय नवल किशोर घर से निकलकर अपने नलकूप पर गया था। बताया गया कि वहां उसने चिल्ला के पेड़ में रस्सी का फंदा बनाकर जान दे दी। कुछ देर बाद परिजनों की नजर युवक पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। परिजन तत्काल उसे फंदे से उतारकर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के मामा शिवपूजन निवासी बांदा ने बताया कि रोहित दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने शुक्रवार को बताया कि परिजनों की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा