Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट की गई भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति
प्रयागराज, 26 मई (हि.स.)। अयोध्या में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। श्री राम के मंदिर पर सनातन का ध्वज लहरा रहा है। यह बातें मंगलवार को प्रयागराज नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि नव्य, भव्य एवं दिव्य काशी आज करोड़ों भक्तों के आस्था का केंद्र बिन्दु बनी हुई है। यह सनातन का स्वर्ण युग है। वहीं अब मथुरा में भी योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण की पावन भूमि पर भी यही भव्यता एवं दिव्यता का दृश्य देखने को मिलेगा।
मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को बदहाली के अतीत से बाहर निकाल कर खुशहाली के दौर में प्रवेश करते हुए देख रहे हैं। यह नया दौर नई सफलताओं, नई कीर्तिमानों और नई उपलब्धियों का दौर है। डबल इंजन सरकार में प्रत्येक जनपद, प्रत्येक कोना परिवर्तन का साक्षी बन रहा है।
पूरी दुनिया में तीर्थराज प्रयागराज की ख्याति संगम नगरी के रूप में है। प्रत्येक सनातनी के लिए यह अटूट आस्था, पाप मुक्ति, पुण्य अर्जन और मोक्ष प्राप्ति का पावन तीर्थ है।प्रयागराज नगर निगम के नवनिर्मित हॉल के उद्घाटन एवं 400 करोड़ रूपए के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में मुख्य अतिथि योगी आदित्यनाथ को महापौर गणेश केसरवानी द्वारा भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति भेंट की गई। भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति को मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण के प्रयास एवं पहल से जोड़ते हुए मंत्री नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश उपलब्धियों के नए आयाम गढ़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल