Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिजनौर, 26 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर में नहटौर थाना क्षेत्र के नकीबपुर खजूरी गांव में देवस्थल की भूमि पर शव दफनाने को लेकर ग्रामीणों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। कब्रिस्तान के बजाय देवस्थल की जमीन पर कब्र खोदे जाने के कारण यह स्थिति बनी। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे और मामले का समाधान किया।
यह विवाद मंगलवार दोपहर करीब 02 बजे शुरू हुआ। गाँव के निवासी रशीद की मृत्यु के बाद उनके शव को दफनाने के लिए देवस्थल की भूमि पर खुदाई की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया।
विवाद की सूचना मिलते ही धामपुर के सीओ अभय कुमार पांडे, नायब तहसीलदार विजय कुमार सिंह और कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे।
अधिकारियों ने तत्काल विवादित स्थल का मुआयना किया और मौके पर ही भूमि की पैमाइश (माप) करवाई। राजस्व विभाग की पैमाइश में यह स्पष्ट हो गया कि खुदाई वास्तव में देवस्थल की भूमि पर ही की जा रही थी।
प्रशासन के निर्देश पर पहले खोदी गई कब्र को बंद करवा दिया गया। इसके बाद, निर्धारित भूमि की निशानदेही की गई और शव को दफनाने के लिए एक दूसरी उपयुक्त जगह पर कब्र खोदी गई। प्रशासन की सक्रियता से यह विवाद समय रहते सुलझ गया और अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग ने पैमाइश कर विवाद का निपटारा करा दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र