Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिजनौर, 26 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर के कोतवाली देहात क्षेत्र में मंगलवार काे एक सड़क हादसे में भैंसा बुग्गी और तेज रफ्तार कंटेनर वाहन की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुग्गी चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
पुलिस ने घटना के बाद कंटेनर वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। यह घटना गौसपुर चौराहा नेशनल हाईवे पर हुई।
पीड़ित कल्याण सिंह, जो कक्कड़पुर उर्फ लकड़ा गांव के निवासी बलजीत सिंह के पुत्र हैं, ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह अपनी भैंसा बुग्गी में मिट्टी भरकर कोतवाली देहात जा रहे थे।
जब वे गौसपुर चौराहा नेशनल हाईवे पर पहुंचे, तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर वाहन ने उनकी भैंसा बुग्गी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, बुग्गी चालक कल्याण सिंह ने समय रहते बुग्गी से कूदकर खुद को बचा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कंटेनर वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। बुग्गी चालक ने थाने में तहरीर देकर इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र