Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सुपौल, 26 मई (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र में एनएच-327 पर हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान जदिया वार्ड संख्या-8 स्थित ड्राइवर चौक निवासी मोहम्मद सरफराज के 18 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इज़हार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बीते 18 मई को मोहम्मद इज़हार घर से सामान लाने बाजार जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल त्रिवेणीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने युवक को नेपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग और रिश्तेदार मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।
मोहम्मद इज़हार अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी छह बहनें हैं। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर बेटे की मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इधर, जदिया थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र