Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 26 मई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के रूईधासा स्थित महाकाल मंदिर के समीप जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार के आवास में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर नगदी समेत सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार 23 मई को अपने परिवार के साथ किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। 25 मई को जब वे वापस लौटे तो घर में चोरी की घटना का पता चला।
बताया जाता है कि घर पहुंचने पर मुख्य गेट का ताला खोलने के बावजूद दरवाजा अंदर से नहीं खुल रहा था। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि घर के अंदर की कुंडी तोड़ दी गई थी और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था।
बदमाशों ने घर के पूजा घर, बेडरूम तथा गोदरेज अलमारी को पूरी तरह खंगाल दिया था। पीड़ित गृहस्वामी के अनुसार, चोरों ने सोने के दो चेन, दो अंगूठी, दो मांग टीका, कान की बाली, पांच पीस नाक का टॉप, झुमका, चार पीस कान का टॉप सहित करीब चार भरी सोना चोरी कर लिया। इसके अलावा चांदी के नौ पायल, हेयर रिंग, सात से आठ भरी चांदी तथा 40 से 45 हजार रुपये नगद भी चोरी कर लिए गए।
आशंका जताई जा रही है कि बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पीड़ित ने मंगलवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ सदर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्ती भी बढ़ाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह