Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 26 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। बीते 12 वर्षों में भारत विश्व पटल पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। कार्यकर्ता ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। यह बातें मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहीं।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण की जिला पदाधिकारियों की बैठक मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में पांच जून से 21 जून तक चलने वाले विशेष अभियान की रूपरेखा तय की गई। साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों के लिए संयोजक और सहसंयोजकों की नियुक्ति भी की गई।
बैठक में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। महा संपर्क अभियान के सहसंयोजक पवन दीक्षित को बनाया गया। स्वच्छता अभियान की संयोजक जिला मंत्री मधु तिवारी, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के संयोजक जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र दिवाकर स्वामी और पर्यावरण दिवस कार्यक्रम के संयोजक जिला मंत्री एलबी सिंह पटेल को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के संयोजक सुरेंद्र सिंह चौहान “राजन”, मीडिया संवाद कार्यक्रम के संयोजक जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी, जनकल्याण शिविर के संयोजक डॉ. विजय रतन तोमर, प्रदर्शनी कार्यक्रम के प्रमुख संयोजक प्रवीण गुप्ता तथा प्राकृतिक खेती अभियान के संयोजक विनय मिश्रा बनाए गए।
बैठक में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, श्याम सुंदर गर्ग, ओपी त्रिवेदी, हरजीवन समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप