Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मथुरा, 26 मई (हि.स.)। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30,000 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में भारी पुलिस बल के साथ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। सचिव (मथुरा विकास प्राधिकरण) आशीष कुमार सिंह ने बताया अवैध कॉलोनियों और बिना मानचित्र पास कराए किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहा था निर्माण
लक्ष्मीनगर (तहसील महावन) के गोपालपुर के पीछे, गंगा फार्म, गंगा सिटी (गंगा वैली) और काशी राम रोड टाउनशिप क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र (ले-आउट) के भू-विभाजन किया जा रहा था। उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 का उल्लंघन कर यहाँ अवैध रूप से सड़कों, नालियों और कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा था।
इस मामले में वाद संख्या MTDA/Z3/ANI/2025/0000636 के तहत 28 अगस्त 2025 को ही ध्वस्तीकरण के आदेश जारी कर दिए गए थे।
इससे पहले प्राधिकरण ने 28 नवंबर 2025 को भी पुलिस बल के साथ यहाँ कार्रवाई की थी, जिसमें सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया गया था। इसके बावजूद कॉलोनाइज़र द्वारा नियमों को ताक पर रखकर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
दोबारा अवैध निर्माण की सूचना मिलने पर मंगलवार को प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन. के निर्देश पर सचिव आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर धावा बोल दिया। टीम ने वहाँ अवैध रूप से नए सिरे से बनाई जा रही प्लिंथ, बाउंड्रीवाल, गेट, सड़क और नालियों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।
इस बड़े ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता सुमित कुमार, अवर अभियंता अनिल सिंघल, सुनील कुमार राजौरिया सहित भारी संख्या में प्रवर्तन दल और पुलिस बल के जवान तैनात रहे, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार