Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पटना, 26 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' सभागार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को हर घर नल का जल योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। पेयजल आपूर्ति की समय-सीमा को सुबह और शाम एक-एक घंटा और बढ़ायें ताकि पेयजल की उपलब्धता निरंतर सभी के लिये बनी रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल गुणवत्ता की निगरानी एवं पर्यवेक्षण लगातार करते रहें। शुद्ध पेयजल की गुणवत्ता एवं उसकी आपूर्ति निरंतर बनी रहे इसके लिये प्रत्येक दो-तीन माह पर पंचायतवार जांच कराते रहें। वार्ड स्तर पर भी इसका निरीक्षण कराते रहें। पेयजल आपूर्ति से संबंधित लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करें। इसके लिये एआई का भी उपयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलापूर्ति उपकरण की मरम्मती एवं अनुरक्षण पर विशेष ध्यान दें। जहां आवश्यकता है वहां 30 जून के पहले नये चापाकल लगायें। भू-जल संरक्षण को लेकर जो योजनायें चलायी जा रही हैं उसे बेहतर ढंग से क्रियान्वित करें। भू-जल स्तर की लागातार विभाग मॉनीटरिंग कराते रहे और उसके अनुरूप कार्य योजना बनाकर काम करे।
बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के विशेष सचिव संजीव कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी