Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत ने मंगलवार को प्रीत विहार वार्ड का क्षेत्रीय दौरा कर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान उप महापौर ने क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, नालों की सफाई, पार्कों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था एवं अन्य जनसुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी गंभीरता से सुना।
उप महापौर ने निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा क्षेत्र में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं के स्तर को और बेहतर बनाया जाए।
उप महापौर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि नगर निगम राजधानीवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं बेहतर बुनियादी सुविधाओं से युक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समन्वय से क्षेत्रीय समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है तथा निगम नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर स्थानीय निगम पार्षद रमेश गर्ग तथा शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र की उपायुक्त वैरोकपम पुनशीबा सिंह और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी