Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पटना, 26 मई (हि.स.)।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' सभागार में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की त्वरित आवाजाही के लिये राज्य में बेहतर सड़क नेटवर्क तैयार किया गया है। राज्य के सुदूर इलाकों से 5 घंटा में पटना पहुंचने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है। राज्य में जो भी एक्स्प्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाई-वे का निर्माण कार्य किया जा रहा है उसे तीव्र गति एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सभी जिला मुख्यायलों को फोर-लेन से कनेक्ट करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्यटन स्थल, सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक कॉरिडोर, विशेष कृषि उत्पादन क्षेत्र एवं राज्य के महत्वपूर्ण बाजारों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करें। इससे राज्य की आर्थिक प्रगति तीव्र होगी और रोजगार के नये अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रीज मेंटेनेंस पॉलिसी को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करें। पुलों की गुणवत्ता एवं मजबूती की जांच निरंतर कराते रहें। विशेषज्ञों की जो रिपोर्ट आयी है उसके आधार पर विक्रमशीला पुल का स्थायी पुनर्स्थापन कार्य करायें। कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल का कार्य जुलाई के पहले सप्ताह में पूर्ण करें।
बैठक में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र सहित वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी