Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भोजपुर थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अजय यादव ने सोमवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ “ऑपरेशन शुद्धि” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी केएल बंजारे और एसडीओपी धर्मवीर नागर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम पिपल्दी स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हजारीलाल तंवर (30) निवासी खाजली थाना भोजपुर और लालसिंह तंवर (45) निवासी गुंदीपुरा थाना भोजपुर को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 35 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि मादक पदार्थों के नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक