Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लहुराबीर आईएमए भवन में दो दिवसीय विशेष कैंप, महापौर ने किया उद्घाटन
वाराणसी, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम की ओर से चिकित्सा संस्थानों की सुविधाओं के लिए लहुराबीर स्थित डॉ. बीसी रॉय हॉल (आईएमए भवन) में दो दिवसीय विशेष कैंप सोमवार से शुरू हुआ। कैंप का उद्घाटन महापौर अशोक तिवारी ने किया। कैंप के पहले दिन चिकित्सा संस्थानों और चिकित्सकों में कर भुगतान को लेकर उत्साह दिखा।
पहले दिन 95 चिकित्सा संस्थानों ने अपना लाइसेंस शुल्क जमा किया, जिससे निगम को दस लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, 97 चिकित्सकों ने करीब 9.86 लाख रुपये का लाइसेंस शुल्क जमा किया। इस प्रकार, कैंप के पहले ही दिन कुल 19.86 लाख रुपये का राजस्व जमा हुआ। चिकित्सा संस्थानों के लिए आयोजित यह विशेष कैंप 26 मई बुधवार को भी जारी रहेगा।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी संबंधित संस्थानों से इस कैंप का लाभ उठाकर अपने लाइसेंस और अन्य करों का समय रहते भुगतान करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नगर निगम भवन स्वामियों को प्रोत्साहित करने के लिए 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवर कर जमा करने पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दे रहा है। इसके अलावा, डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जो भवन स्वामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का ऑनलाइन टैक्स भुगतान कर रहे हैं, उन्हें 02 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जा रही है, यानी कुल 12 प्रतिशत की राहत मिल रही है। इस बार सामाजिक सरोकार के तहत विशेष श्रेणी के करदाताओं के लिए भी व्यवस्था की गई है। शहर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और पद्म पुरस्कार से सम्मानित विभूतियों को गृहकर, जलकर और सीवर कर में 50 प्रतिशत की भारी छूट दी जा रही है। वहीं, नगर आयुक्त ने उन करदाताओं को भी आश्वस्त किया है जिन्होंने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच टैक्स जमा किया था, कि उनकी छूट की राशि को अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित (एडजस्ट) कर दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी