Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


देवरिया, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिशुनपुर कला में घरेलू विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि बरियारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिशुनपुर कला निवासी मुकेश सिंह (40) पुत्र टेलू सिंह को घरेलू विवाद के दौरान उनकी पत्नी संगम देवी, पत्नी के भाई जयप्रकाश सिंह उर्फ जीउत निवासी पिपरा झाम थाना कसया जनपद कुशीनगर तथा पत्नी की बहन के बेटे आदित्य सिंह निवासी भड़वाड़ीह पश्चिमी टोला थाना हाटा जनपद कुशीनगर द्वारा लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मुकेश सिंह को तत्काल सीएचसी रामपुर कारखाना भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल देवरिया रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सलेमपुर ने बताया कि थाना पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। घटना में शामिल मृतक की पत्नी, उसके भाई और भांजे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार गांव में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है।
बताया जा रहा है कि मुकेश सिंह दोपहर अपने घर पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर पत्नी संगम से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी ने अपने भाइयों को घर बुलाया और मारपीट की।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया। सूचना पर पहुंची बरियारपुर पुलिस ने किसी तरह मुकेश को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर घायल अवस्था में उनका बयान भी दर्ज किया। गंभीर हालत में पत्नी संगम मुकेश को लेकर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंची। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक