Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नालंदा, बिहारशरीफ 25 मई (हि.स.)। नालंदा जिले में ग्रामीण विकास सह सूचना जन-संपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को विभिन्न तरह के आपदा का शिकार हुए पीड़ित परिवारों के बीच 4 लाख 75 हजार रुपये का चेक वितरण किया।
जिसमें प्रमुख तौर पर हसनपुर के भरत यादव को उनके मवेशी के लिए 37 हजार 500 रुपये, डुमरी के अशोक कुमार को मवेशी के लिए 37 हजार 500 रुपये और नेकपुर निवासी बेबी देवी को आपदा के तहत चार लाख रुपये का चेक दिया गया।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि सूबे की सरकार समय पर आपदा से मिलने वाली राशि लोगों को उपलब्ध करा रही है। इससे मृतक के परिवार को राहत मिलती है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को एक नई पहचान दी है। गांवों को स्मार्ट बनाने का काम किया है। गांवों के लोगों को अब शहरों जैसी सुविधाएं मिल रही है। सूबे में सड़कों का जाल बिछाया गया है। हर गांव व कस्बे को सड़क से जोड़ा गया है। पर्यटन स्थलों का काफी विकास किया गया है। इसी कारण से अब बिहार में गोवा से भी अधिक पर्यटक पहुंच रहे हैं। सूबे की एनडीए की सरकार हर तरह के विकास का कार्य कर रही है। लोगों को रोजगार देने का काम किया जा रहा है। सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा हो चाहे स्वास्थ्य हर क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। महिलाएं जीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं। समाज में अपनी पहचान बनाने में सफल हुई है। सरकार आगे भी इसी तरह के विकास का काम करती रहेगी।
इस मौके पर जदयू नेता मुन्ना कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष जयराम सिंह, प्रमुख रानी देवी, नगर अध्यक्ष राकेश कुमार, देवेन्द्र कुशवाहा सहित अन्य मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे