Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

झांसी, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में अवैध खनन और परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए ड्रोन से निगरानी की जाएगी, जो रात के समय भी संचालित होंगे।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार से ज़ूम ऐप के माध्यम से जिला एवं तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने बालू, पत्थर, मोरम सहित सभी खनन पट्टों का शत-प्रतिशत औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्रों में गेट, पिलर, एमएम-11 पर्ची और स्कैनर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। यदि इनमें कोई कमी मिलती है तो उसे अवैध खनन मानते हुए सख्त कार्रवाई की जाए।
डीएम ने बताया कि जनपद में एसओपी लागू की गई है, जिसका उद्देश्य अवैध खनन के खिलाफ एकरूपता, गुणवत्ता और दक्षता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने अवैध खनन क्षेत्रों की सूची तैयार कर ड्रोन के माध्यम से निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम और तहसील स्तरीय टास्क फोर्स को नियमित निरीक्षण और रिपोर्टिंग करने को कहा।
उन्होंने एआरटीओ को निर्देश दिए कि अवैध परिवहन में शामिल ब्लैकलिस्टेड वाहनों को सीज कर स्क्रैप कराया जाए। बिना नंबर प्लेट या गंदी नंबर प्लेट वाले वाहनों को भी अवैध परिवहन मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनपद में अवैध परिवहन रोकने के लिए कई मुख्य मार्गों पर मानव रहित चेकगेट स्थापित किए गए हैं। डीएम ने इन गेटों पर अलार्म सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि ओवरलोडिंग की सूचना तत्काल संबंधित थानों तक पहुंच सके। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया