Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

--एक यात्री प्रति ट्रिप 50 रूपये, पूरी बैटरी कार की बुकिंग 150 रूपये में उपलब्ध
प्रयागराज, 25 मई (हि.स)। यात्रियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज मंडल द्वारा प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन पर बैटरी संचालित कार सेवा का शुभारम्भ सोमवार को किया गया।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस नई सुविधा के शुरू होने से अब यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने तथा स्टेशन परिसर से बाहर निकलने में काफी सहूलियत मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार एवं छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को इस सेवा से अत्यधिक लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन के प्रयासों के परिणामस्वरूप यह सुविधा प्रारम्भ की गई है। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर बढ़ती यात्री संख्या एवं यात्रियों की आवश्यकताओं को देखते हुए इस सेवा की आवश्यकता लम्बे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने बताया कि बैटरी कार सेवा का संचालन पर्यावरण अनुकूल एवं सुरक्षित तरीके से किया जाएगा।
पीआरओ ने आगे बताया कि इस सेवा का ठेका “बालाजी भगवत प्रोजेक्ट लिमिटेड, सुल्तानपुर” को आगामी 05 वर्षों के लिए प्रदान किया गया है। यात्रियों के लिए निर्धारित किराया प्रति यात्री प्रति ट्रिप 50 रूपये रखा गया है, जबकि पूरी बैटरी कार की बुकिंग 150 रूपये में उपलब्ध होगी।
अंत में उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह पहल स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यात्रियों ने भी इस नई सुविधा का स्वागत करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र