Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 25 मई(हि.स.)। अररिया पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर अवैध रूप से निकासी करने वाले सीमांचल के संगठित गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से आठ विभिन्न बैंकों के अलग अलग एटीएम कार्ड,एक मोबाइल और एक यामाहा मोटरसाइकिल बरामद किया है।
जानकारी सोमवार शाम एसपी जितेंद्र कुमार ने दी।
एसपी ने बताया कि रविवार कल एडीबी चौक स्थित एसबीआई एटीएम केंद्र से मदनपुर के कनेल गरमू वार्ड संख्या 14 निवासी बैजनाथ दास पिता स्व. गुजरू मंडल के एटीएम कार्ड को बदलकर 26 हजार रूपये की अवैध निकासी कर ली गई थी। जिसको लेकर नगर थाना में कांड संख्या 273/26 दिनांक 24.05.26 धारा 318(4),303(2),3(5) के तहत दर्ज किया गया था।मामले को लेकर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम के द्वारा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेते हुए नरपतगंज के पिठौरा वार्ड संख्या 4 के रहने वाले मिंटू कुमार सिंह पिता उपेन्द्र सिंह की शिनाख्त की गई।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मिंटू कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। जिसके पास से 8 अलग अलग बैंकों के एटीएम कार्ड,एक मोबाइल और यामाहा मोटरसाइकिल बरामद किया गया।
एसपी ने बताया कि सीमांचल के अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार जिला में एटीएम कार्ड बदलकर अवैध निकासी को लेकर इन लोगों का संगठित गिरोह काम करता है। जिसके अन्य सदस्यों की जानकारी ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी दल में नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, सब इंस्पेक्टर राजनारायण यादव, अमित यादव अन्य शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर