Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- 31 को सुबह घर से निकलकर रचें सामूहिक स्वच्छता का इतिहास : त्रिपाठी
अयोध्या, 25 मई (हि.स.)। नगर निगम महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने सोमवार को पदयात्रा निकालकर लोगों का आह्वान किया कि आगामी 31 मई को घर से निकलें और महज आधा घंटा सफाई कर सामूहिक स्वच्छता का इतिहास रच दें। वह फतेहगंज चौराहा से अकब बजाजा, चौक होते हुए गुदड़ी बाजार चौराहे तक निकली पदयात्रा के दौरान लोगों से संपर्क कर रहे थे।
इस दौरान जगह-जगह स्टिकर लगाकर आमजन को आगामी 31 मई को सुबह सात बजे नगर निगम क्षेत्र में चलाए जाने वाले स्वच्छता के महाअभियान 'एक रविवार, हर परिवार, करे गंदगी पर वार' में सहभागिता का संदेश दिया गया।
पदयात्रा के दौरान महापौर ने लोगों के घरों पर दस्तक दी और सफाई के मामले में नगर को देश के टॉप टेन महानगरों में लाने में जन-जन से भागीदारी सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।
पदयात्रा में शामिल नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने लोगों से कहा कि 31 मई को अपने घरों के आसपास महज आधा घंटा सफाई करने से नगर को साफ-सुथरा बनाने की प्रेरणा भी मिलेगी।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि एक घंटे चली पदयात्रा में ध्वनि विस्तारक वाहनों से सूचना भी प्रसारित की और अभियान में शामिल होने के लिए फॉर्म भरने की भी जानकारी दी गई।
इस यात्रा में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव के अलावा वरिष्ठ पार्षद अनिल सिंह, हरिश्चंद्र अग्रहरि, दीप कुमार, अनीता द्विवेदी, पूर्व सभापति राजेश गौड़, अजय पांडेय, ज्ञान केसरवानी, सामाजिक कार्यकर्ता विजय सिंह बंटी, भाजपा के मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, हेमंत जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, अमरेंद्र सिंह कर्फ्यू, नीलकमल अग्रवाल, सुबोध चतुर्वेदी, सतीश पांडे, प्रेमप्रकाश मिश्र, दीपांशु साहू, संजय साहू, पुर्णेन्द त्रिपाठी, आशीष कौर, रीना सिंह, रुचिरा सिंह, आलोक सिंह राना, श्रीनिवास शास्त्री आदि शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय