Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 21 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच जनता को उसके हाल पर किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। स्थानीय स्तर पर लापरवाही और खराब व्यवस्थाओं के कारण कानपुर की जनता बिजली संकट झेलने को मजबूर है। यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो मुझे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास जाना पड़ेगा। जनता को राहत का परिणाम तत्काल चाहिए। यह बातें गुरुवार को गोविंद नगर भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहीं।
कानपुर और विशेष रूप से गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत संकट को लेकर विधायक सुरेंद्र मैथानी गुरुवार को केस्को मुख्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने केस्को प्रबंध निदेशक नेहा जैन के साथ बैठक कर शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग उठाई। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा प्रदेश में 24 घंटे बिजली देने की है, लेकिन स्थानीय स्तर पर समय रहते तैयारियां न होने और गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण जनता परेशान हो रही है।
उन्होंने कहा कि कई सब स्टेशनों पर शिकायत लेकर पहुंच रही जनता को कर्मचारी ठीक ढंग से जवाब नहीं दे रहे हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। विधायक ने सख्त लहजे में कहा कि जनता के धैर्य की परीक्षा न ली जाए और हालात ऐसे न बनाए जाएं कि लोगों को उनकी ही भाषा में जवाब देना पड़े।
बैठक में यह तय हुआ कि गोविंद नगर क्षेत्र के जिन सब स्टेशनों पर सबसे अधिक समस्या है, वहां रात आठ बजे से रात एक बजे तक अतिरिक्त वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। अधिकारी मौके पर जनता से संवाद करेंगे, शिकायतें दर्ज करेंगे और ऑनलाइन शिकायत कराने में भी सहयोग करेंगे। विधायक ने कहा कि भीषण गर्मी और डीएम द्वारा जारी हीटवेव अलर्ट के बीच बिना बिजली लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र भी इससे प्रभावित हैं।
बैठक में प्रत्येक रिपेयर गैंग को हाथगाड़ी की जगह ई-रिक्शा उपलब्ध कराने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और ट्रॉलियों की संख्या तत्काल बढ़ाने पर सहमति बनी। लोकल फॉल्टों को प्राथमिकता पर ठीक करने और सीयूजीएल गैस लाइन की खुदाई के कारण क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों के मामलों में नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि पूरे कानपुर की बिजली व्यवस्था को युद्ध स्तर पर सुधारने का प्रयास किया गया है। बैठक में एमडी नेहा जैन ने जनहित में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने का भरोसा दिया।
बैठक में अनुपम मिश्रा, दीपक सिंह, पार्षद गुंजन शर्मा, अजय राय, दीपक शुक्ला, राजा पंडित, वेद मिश्रा, विक्रांत चौहान और अरुण दुबे मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप