फर्जी नियुक्ति मामले में शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट से शिक्षकों और विभागीय कर्मियों में हड़कंप
नालंदा, 21 मई (हि.स.)। जिले के सिलाव प्रखंड के मध्य विद्यालय दरियासराय में कथित फर्जी शिक्षक नियुक्ति मामले में शिक्षा विभाग ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। गुरुवार को क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, पटना प्रमंडल कार्यालय से जिला शिक्षा पदाधिकारी ना
कार्यों की समीक्षा करते  अधिकारी


नालंदा, 21 मई (हि.स.)।

जिले के सिलाव प्रखंड के मध्य विद्यालय दरियासराय में कथित फर्जी शिक्षक नियुक्ति मामले में शिक्षा विभाग ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है।

गुरुवार को क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, पटना प्रमंडल कार्यालय से जिला शिक्षा पदाधिकारी नालंदा को पत्र भेजकर मामले की सम्यक जांच कर एक सप्ताह के भीतर तथ्यात्मक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना निवासी सविता देवी उर्फ सविता कुमारी ने शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि मध्य विद्यालय दरियासराय, सिलाव में कार्यरत कुछ शिक्षकों की नियुक्ति फर्जी तरीके से की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि संबंधित शिक्षकों को कथित अनियमितता के बावजूद वेतन भुगतान भी किया गया। क्षेत्रिय शिक्षा उप निदेशक राज कुमार द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि शिकायत पत्र में वर्णित मामला जिला शिक्षा कार्यालय के क्षेत्राधिकार से जुड़ा है। इसलिए शिकायत में अंकित सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

विभाग ने निर्देश दिया है कि शिकायत पत्र में संलग्न साक्ष्यों की समीक्षा कर बिंदुवार रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सिलाव प्रखंड में फर्जी शिक्षक नियुक्ति मामले की जांच कर चुके चार सदस्यीय जांच दल की रिपोर्ट की सत्यापित प्रति भी भेजने को कहा गया है।शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद संबंधित शिक्षकों और विभागीय कर्मियों में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे