Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सारण, 21 मई (हि.स.)। बिहार संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद द्वारा आयोजित होने वाली डीसीइसीइ पीइ 2026 और डीसीइसीइ पीएम / पीएमएम 2026 की तैयारियां सारण जिला प्रशासन ने पूरी कर ली हैं। जिला मुख्यालय के 19 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 21 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डीसीइसीइ पीइ 2026 की परीक्षा 23 मई को एक पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं डीसीइसीइ पीएम / पीएमएम 2026 की परीक्षा 24 मई को दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 11 बजे से दोपहर 01:15 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 04:15 बजे तक चलेगी।
परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा 38 स्टैटिक दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी, 37 प्रेक्षक, 10 गश्तीदल दंडाधिकारी और 4 उड़नदस्ता दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी। पर्षद के निर्देशों के तहत परीक्षार्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड लागू किया गया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में केवल चप्पल और हाफ-शर्ट या कुर्ती पहनकर ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। जूता पहनकर आने वाले छात्रों को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, व्हाइटनर, इरेज़र और कलाई घड़ी ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय और जिला शिक्षा पदाधिकारी की उपस्थिति में सभी केंद्राधीक्षकों व प्रतिनियुक्त अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई, जिसमें पर्षद के नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार