Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

औरैया 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव चपोरा के मजरा जुगराजपुर में खेत में पानी लगा रहे किसान की सांप के काटने से मौत हो गई। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जुगराजपुर निवासी यतेंद्र कुमार दुबे (62) पुत्र अनोखेलाल बुधवार सुबह अपने खेत में फसल की सिंचाई कर रहे थे। तभी बिल में छिपे जहरीले सांप ने उनके पैर में डस लिया। सांप के काटते ही किसान घबराकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए चिचौली अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी घटना को लेकर शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि यतेंद्र कुमार मेहनती किसान थे और परिवार का पालन-पोषण खेती से ही करते थे। वहीं कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू ने बताया कि किसान को सांप ने काट लिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार