Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

औरैया, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के दिबियापुर थाना क्षेत्र के कंचौसी मोड़ पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार 50 वर्षीय माया देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीपरपुर गांव निवासी माया देवी अपने बेटे अनिल, भतीजे सत्यम और पड़ोसी विकास के साथ बाइक से कंचौसी मोड़ स्थित डॉक्टर के पास इलाज के लिए जा रही थीं। बाइक अनिल चला रहा था। तभी कंचौसी मोड़ पर ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखी तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चारों लोग सड़क पर जा गिरे।
घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो में तोड़फोड़ कर औरैया-दिबियापुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर बेला थाना अध्यक्ष गंगा दास गौतम, थाना दिबियापुर प्रभारी पंकज मिश्रा और एसडीएम सदर अजय आनंद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
अधिकारियों द्वारा मुआवजा और सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम खोला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार