Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखीमपुर खीरी, 20 मई (हि.स.)। भीरा थाना क्षेत्र में शारदा नदी के ढकिया घाट पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ नदी पार कर रहे एक किसान पर मगरमच्छ ने जानलेवा हमला कर उसके दोनों पैरों को अपने जबड़े में दबोच लिया। मौत के इस जाल से युवक ने न सिर्फ खुद हिम्मत से मुकाबला किया, बल्कि उसके साथियों की सूझबूझ और भारी शोर-शराबे के कारण मगरमच्छ को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पलिया पुरवा निवासी संजय कुमार (35) पुत्र भागोती प्रसाद खेत में गन्ने की गोड़ाई का काम खत्म करने के बाद शारदा नदी पार कर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी पानी में घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने उन पर झपट्टा मार दिया। मगरमच्छ युवक को गहरे पानी में खींचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन संजय के साहस और किनारे पर मौजूद उनके साथियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। लहूलुहान हालत में परिजन संजय को तुरंत बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में भीरा के वन क्षेत्राधिकारी वीपी सिंह ने बताया कि नदी से गुजरते समय मगरमच्छ द्वारा युवक को घायल किए जाने की सूचना मिली है; घायल को बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है और परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिलने पर आगे की वैधानिक व आर्थिक सहायता की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव