Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 2 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। सारंगपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर चतुरुखेड़ी जोड़ के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार 46 वर्षीय रामगोपाल सिसोदिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसा मंगलवार रात चतुरुखेड़ी जोड़ के पास हुआ। कालूखेड़ा निवासी रामगोपाल पुत्र मांगीलाल सिसोदिया बाइक से सारंगपुर की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद रामगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सारंगपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मामले में एंबुलेंस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। हादसे की वजह और वाहन की रफ्तार के साथ ही चालक की कथित लापरवाही की भी जांच की जा रही है।
बुधवार को पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक