Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोरहाट (असम), 02 सितंबर (हि.स.)। असम के मरियानी में नौ वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के रिश्तेदारों ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के बाद परिवार से 60 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को डेरगांव के इस्लाम नगर से सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के मामा सागर घोष और उनकी पत्नी मनीषा घोष मरियानी के लोकनाथ भवन स्थित कमरा नंबर 109 में करीब तीन दिनों से ठहरे हुए थे। मंगलवार दोपहर दोनों कथित तौर पर बच्ची के रिश्तेदार के घर पहुंचे और उसे बहाने से अपने साथ ले गए।
कई घंटे तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, शाम करीब पांच बजे कथित अपहरणकर्ताओं ने परिवार से 60 लाख की फिरौती मांगी और पुलिस को सूचना देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि रात आठ बजे तक रकम नहीं देने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद मरियानी पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर डेरगांव के इस्लाम नगर में छापेमारी की गई, जहां से बच्ची को रात करीब दो बजे सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि बच्ची सुरक्षित है और उसे उसके परिवार को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें डेरगांव के कोयलाखाटा निवासी सागर घोष उर्फ 'टार्ज़न' और इस्लाम नगर निवासी वसीम रहमान उर्फ 'कनाकाई' शामिल हैं।
वहीं, मनीषा घोष, डेरगांव के इस्लाम नगर निवासी राहुल अली और फुकन नगर निवासी एक व्यक्ति, जिसकी पहचान फिलहाल 'मोन' के नाम से बताई गई है, फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चला रही है।
पुलिस ने कथित तौर पर अपहरण में इस्तेमाल किए गए एक वाहन (AS05B 9917) और लाल रंग के स्कूटर (AS05W 4263) को भी जब्त किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अपहरण की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश