फतेहाबाद पुलिस ने नशा तस्कर की लाखाें की दो स्कॉर्पियो गाडिय़ों को किया फ्रीज
फतेहाबाद, 12 सितंबर (हि.स.)। नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के साथ-साथ जिला पुलिस अब उनकी अवैध कमाई, संपत्तियों और आर्थिक स्रोतों की भी गहन वित्तीय जांच कर रही है। इसी अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस ने रतिया नि
फतेहाबाद। जिला पुलिस द्वारा फ्रीज की गई नशा तस्कर की गाड़ी।


फतेहाबाद, 12 सितंबर (हि.स.)। नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के साथ-साथ जिला पुलिस अब उनकी अवैध कमाई, संपत्तियों और आर्थिक स्रोतों की भी गहन वित्तीय जांच कर रही है। इसी अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस ने रतिया निवासी एक शातिर नशा तस्कर की करीब 30 लाख रुपये मूल्य की दो महिन्द्रा स्कॉर्पियो गाडिय़ों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के तहत फ्रीज करवा दिया है। इस कार्रवाई को सक्षम प्राधिकारी सेफमा, नई दिल्ली द्वारा भी औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि बस अड्डा पुलिस चौकी फतेहाबाद के प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित कुमार तथा प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल फतेहाबाद द्वारा आरोपी टिब्बा कालोनी रतिया निवासी रमनदीप पुत्र मंगल राम के खिलाफ दर्ज वर्ष 2016 के हेरोइन तस्करी मामले में उसकी आय और संपत्ति की गहन वित्तीय जांच की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी की दो महिन्द्रा स्कॉर्पियो गाडिय़ां, जिनकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये है, नशा तस्करी की अवैध कमाई से अर्जित की गई थीं। पुलिस द्वारा जारी 11 अगस्त 2026 के फ्रीजिंग आदेश को सक्षम प्राधिकारी सेफमा नई दिल्ली ने नौ सितंबर 2026 को अपनी स्वीकृति दे दी। अब इन गाडिय़ों को बेचा या हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि वर्ष 2026 में एक जनवरी से अब तक फतेहाबाद पुलिस ने 480 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वित्तीय जांच के आधार पर अब तक 32 बड़े नशा तस्करों की कुल पांच करोड़ 24 लाख 98 हजार 149 रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज करवाया जा चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा