Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पूर्वी सिंहभूम, 12 सितंबर (हि.स.)। जमशेदपुर शहर में बढ़ते नशे के कारोबार, मटका और जुआ के अड्डों तथा अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस ने शनिवार को प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नलिनी सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर अवैध नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जमशेदपुर में युवाओं के बीच नशे की बढ़ती लत गंभीर चिंता का विषय है। नशीले पदार्थों की गिरफ्त में आकर युवा अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। इसके कारण कई परिवारों को सामाजिक और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अड्डों के कारण चोरी, लूट समेत अन्य आपराधिक घटनाओं को भी बढ़ावा मिल रहा है।
महिला कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नशे, मटका और जुआ के अड्डों को चिह्नित कर नियमित छापेमारी करने की मांग की। साथ ही अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नलिनी सिन्हा सहित महिला कांग्रेस की विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सुरक्षित और नशामुक्त जमशेदपुर के निर्माण के लिए पुलिस प्रशासन के साथ समाज के सभी वर्गों को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक