Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 05 अगस्त (हि. स.)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झारखंड से संचालित कथित अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के एक प्रमुख आरोपित को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर करीब 122 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कालीपद भंडारी के रूप में हुई है। वह झारखंड के जामताड़ा जिले के नाला थाना इलाके की निवासी है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रखी जा रही थी। गुप्त सूचना और जांच के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गांजा तस्करी के तीन अलग-अलग मामलों के पीछे एक ही नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। इन मामलों में अब तक तीनआरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कालीपद भंडारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा