Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

डूंगरपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। चौरासी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल कुमार कटारा ने डूंगरपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर भील राजा डूंगर बरंडा रेलवे स्टेशन’ करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक कटारा ने कहा कि डूंगरपुर जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आदिवासी विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए रेलवे स्टेशन का नामकरण भील राजा डूंगर बरंडा के नाम पर किया जाना जनभावनाओं के अनुरूप होगा। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि भील राजा डूंगर बरंडा आदिवासी समाज के गौरव, स्वाभिमान, न्यायप्रियता और देशभक्ति के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने मातृभूमि, संस्कृति और स्वशासन की रक्षा के लिए संघर्ष किया तथा आदिवासी इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान बनाया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
विधायक ने कहा कि देशभर में महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर सार्वजनिक संस्थानों का नामकरण किया जा रहा है। ऐसे में डूंगरपुर रेलवे स्टेशन का नाम भी भील राजा डूंगर बरंडा के नाम पर रखने से आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास को सम्मान मिलेगा और नई पीढ़ी उनके योगदान से परिचित हो सकेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष