Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। देश के नौ प्रमुख बुनियादी उद्योगों (कोर सेक्टर) के उत्पादन की वृद्धि दर जून में बढ़कर पांच माह के उच्चतम स्तर 5 फीसदी पर पहुंच गई। पिछले महीने मई में यह दर 3.2 फीसदी रही थी। पिछले साल जून में बुनियादी उद्योगों की उत्पादन वृद्धि 1.1 फीसदी थी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक सीमेंट, बिजली और लौह अयस्क के उत्पादन में वृद्धि इसकी मुख्य वजह रही है। देश के नौ प्रमुख बुनियादी उद्योगों (कोर सेक्टर) के आंकड़े 2011-12 के स्थान पर 2022-23 को आधार वर्ष मानकर जारी किए गए हैं। सरकार ने सूचकांक में लौह अयस्क को शामिल किया है, जिससे बुनियादी उद्योगों की संख्या अब बढ़कर नौ हो गई है। आंकड़ों के अनुसार जून महीने में कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पादों और उर्वरक के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है। सीमेंट और बिजली के उत्पादन में 9.8-9.8 फीसदी तथा नई श्रृंखला के तहत सूचकांक में शामिल किए गए लौह अयस्क के उत्पादन में 43.9 फीसदी की वृद्धि हुई है।
मंत्रालय के मुताबिक नए वर्गीकरण में लौह अयस्क को पहली बार शामिल किया गया है, जिससे बुनियादी उद्योगों की संख्या बढ़कर अब 9 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2026-27 की (अप्रैल-जून) पहली तिमाही में इन प्रमुख क्षेत्रों का उत्पादन 3.6 फीसदी बढ़ा है, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की समान अवधि में यह वृद्धि एक फीसदी रही थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर