Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कहा-स्वदेशी को बढ़ावा दें, आयात पर निर्भरता कम करने के लिए घरेलू उत्पादों का समर्थन करें
नई दिल्ली, 18 मई (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत ने 'आत्मनिर्भर भारत' की दिशा में अपनी यात्रा के तहत अगले पांच वर्षों में 2 ट्रिलियन डॉलर का निर्यात हासिल करने का लक्ष्य रखा है। गोयल ने बताया कि एक जून से ओमान का एफटीए लागू हो जाएगा।
भारत मंडपम में 'कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स' (कैट) और भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर गोयल ने 'भारत व्यापार महोत्सव' के लिए एक वेबसाइट भी लॉन्च की। पीयूष गोयल ने कहा कि यह पहल भारत के व्यापार, एमएसएमई, महिला उद्यमियों और युवाओं को 'वोकल फॉर लोकल' से 'लोकल टू ग्लोबल' की दिशा में नई शक्ति देगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत मंडपम में 86 दिनों में शुरू होने वाला 'भारत व्यापार महोत्सव' स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, आयात के विकल्प को मज़बूत करने और वैश्विक बाज़ारों में भारत की उपस्थिति का विस्तार करने के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा। गोयल ने आगे कहा कि इस प्रयास में 140 करोड़ भारतीयों के एकजुट होने से दुनिया की कोई भी ताकत हमें एक विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने से नहीं रोक सकती।
वाणिज्य मंत्री ने आगे कहा कि यह मेला एक हजार व्यवसायों को एक मंच पर लाएगा और भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में मदद करने के लिए गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित करेगा। उन्होंने कहा कि इससे लोग भारत में बने हुए सामान की अधिक जानकारी प्राप्त करेंगे...भारत में अधिक उद्योग और व्यापार बढ़े और भारत से निर्यात भी बढ़े। पीयूष गोयल ने इस अवसर पर सभी हितधारकों से 'भारतीय व्यापार महोत्सव' को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।
भारतीय व्यापार महोत्सव 12 अगस्त से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। भारत व्यापार महोत्सव एक स्वदेशी मेला है, जिसका आयोजन भारत में बने सामानों और सेवाओं को प्रदर्शित करने के लिए किया जाएगा। इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइज़ेशन (आईटीपीओ) और कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के साथ आयोजित इस महोत्सव में परिवहन निकायों, लॉजिस्टिक्स फर्मों, स्वदेशी जागरण मंच और लघु उद्योग भारती का भी सहयोग मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर