Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बनिहाल, 17 मई(हि.स.)। बनिहाल के नचलाना इलाके में एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने और गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई । जानकारी के अनुसार ट्रक ड्राइवर ट्रक पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक गहरी खाई में जा गिरा जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद बचाव दल और पुलिस इलाके में पहुंची और बचाव एवं पुनर्प्राप्ति अभियान शुरू किया। आखिरी रिपोर्ट आने तक मृतक की पहचान तुरंत नहीं हो पाई थी। इस बीच पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, सेना की 23 राष्ट्रीय राइफल्स, हिमालयन क्यूआरटी रामसू और एनजीओ बनिहाल वालंटियर्स के स्वयंसेवकों की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि बचावकर्मियों ने चालक को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त ट्रक से निकाला और उसे 23 राष्ट्रीय राइफल्स की नजदीकी चिकित्सा सुविधा में स्थानांतरित कर दिया, जहां सेना के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा में पंजीकृत ट्रक जम्मू से श्रीनगर जा रहा था, तभी वह राजमार्ग से फिसल गया और नाला बिशलारी के किनारे खाई में लुढ़क गया। ट्रक में पेंट और हार्डवेयर सामग्री भरी हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता