Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चंडीगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। यूनियन पब्लिक सर्विस कमिशन की तरफ से सिविल सर्विस 2025 की परीक्षा का फाइनल परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा में पंचकूला के युवा एकांश ढुल ने देश में तीसरा रैंक हासिल किया है। पंचकूला के सेक्टर-12 निवासी एकांश की माता निर्मला ढुल स्कूल प्रिंसिपल हैं और पिता कृष्ण ढुल भाजपा के सक्रिय नेता हैं। एकांश की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने फोन पर बात करके परिवार को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एकांश ने पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
एकांश ने साल 2024 में यूपीएससी में 342वां और साल 2025 में 295वां रैंक हासिल की थी। अब तीसरी बार उन्होंने तीसरा रैंक हासिल किया है। एकांश ढुल ने 10वीं कक्षा चंडीगढ़ के सेक्टर 27 स्थित भवन स्कूल से पास की। इसके बाद 12वीं उन्होंने चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित संत कबीर स्कूल से की। ग्रेजुएशन के लिए वह दिल्ली चले गए। उन्होंने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बीए ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की। एकांश ने दिल्ली से ही यूपीएससी की कोचिंग ली। एकांश ने मीडिया से बातचीत में अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता द्वारा दिए गए प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि आत्म-अध्ययन और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी हैं। पहली बार की सफलता से बहुत कुछ सीखा, लेकिन संतोष नहीं मिला। इसलिए खुद से वादा किया कि अगली बार और बेहतर करूंगा और वही हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा