Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उमेद पातुवास के सवाल पर सरकार का जवाबचंडीगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा है कि पेंशन को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए सरकार ने प्रत्येक जिले में एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन कर दिया है। शुक्रवार को बाढड़ा के विधायक उमेद पातुवास ने प्रश्नकाल के दौरान सरकार से पूछा कि बुढापा पेंशन के लिए पात्रता निर्धारित करते समय परिवार की आय सम्मिलित करने के कारण कई वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन बंद हो गई है। जिस कारण उन्हें दिक्कत आ रही है। क्या सरकार वरिष्ठ नागरिकों की बंद हुए पेंशन को बकाया तथा ब्याज के साथ बहाल करेगी। अंबाला के विधायक निर्मल सिंह ने भी सदन में आज यही सवाल लगाया। जिसके चलते स्पीकर ने दोनों सवालों को आपस में क्लब कर दिया।
विधायकों के सवाल पर मंत्री बेदी ने कहा कि पेंशन काटने को लेकर विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है। जिसके चलते लोग गुमराह हो रहे हैं। प्रदेश वासियों की सुविधा के लिए प्रत्येक जिले में एडीसी की अध्यक्ष में डीएसएब्लयू व अन्य अधिकारियों को शामिल कर एक कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी जिला स्तर पर शिकायतों को सुनेगी और विभाग के निदेशक को भेजेगी। इसके बाद विभाग की सबसे वरिष्ठ आईएएस अतिरिक्त मुख्य सचिव को निर्देश दिए गए हैं वह नियमित शिकायतों को मॉनिटर करके सरकार को रिपोर्ट दे। मंत्री निर्मल सिंह के पूरक सवाल के जवाब पर कहा कि प्रदेश में किसी भी लाभार्थी की पेंशन काटी नहीं जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा