Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अगरतला, 06 मार्च (हि.स.)। त्रिपुरा विधानसभा का बजट सत्र 13 मार्च से शुरू होगा और 25 मार्च तक नौ दिनों तक चलेगा। इसकी जानकारी शुक्रवार को संसदीय कार्य मंत्री रतनलाल नाथ ने विधानसभा अधिवेशन के आयोजन से संबंधित एक बैठक के बाद दी।
रतनलाल नाथ ने बताया कि सत्र को त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्रसेना रेड्डी नाल्लू ने औपचारिक रूप से आहूत किया है। सत्र के कार्यक्रम और कार्यसूची को तय करने के लिए बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता स्पीकर-इन-चार्ज रामप्रसाद पाल ने की।
बैठक में मंत्री एवं विधायक सुशांत चौधरी, अनिमेष देबबर्मा, विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी, मुख्य सचेतक कल्याण शाहा राय, रामपद जमातिया और बिराजित सिन्हा समेत कई सदस्य मौजूद थे।
सत्र के पहले दिन राज्यपाल सदन को संबोधित करेंगे। इसके बाद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बिश्वबंधु सेन को श्रद्धांजलि दी जाएगी और सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी जाएगी।
राज्य के वित्त मंत्री प्राणजीत सिंघा राय 16 मार्च को वित्त वर्ष 2026–27 का बजट सदन में पेश करेंगे। इसी दिन वर्ष 2025–26 के संशोधित अनुमान भी सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसके बाद वित्त मंत्री बजट भाषण देंगे।
सत्र के दौरान तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। इनमें त्रिपुरा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज विधेयक, तकनीकी विश्वविद्यालय की स्थापना से संबंधित विधेयक तथा महिला विश्वविद्यालय विधेयक शामिल हैं।
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा सत्र के तीसरे दिन से शुरू होगी और दो दिनों तक चलेगी। विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी 19 मार्च को बजट पर अपना वक्तव्य देंगे, जबकि आगे की चर्चा 20, 23 और 24 मार्च को जारी रहेगी।
बजट सत्र के 25 मार्च को समाप्त होने की संभावना है, जब विस्तृत चर्चा के बाद राज्य का बजट पारित किया जाएगा। संसदीय कार्य मंत्री रतन लाल नाथ ने कहा कि बीएसी ने सभी सदस्यों की सहमति से चर्चा के लिए पर्याप्त समय सुनिश्चित करते हुए सत्र का कार्यक्रम तय किया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश