Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 06 मार्च (हि.स.)। पूर्व रेलवे में 6 से 12 मार्च 2026 तक चलाए जा रहे रेलवन एप जागरूकता अभियान के अंतर्गत मालदा मंडल द्वारा शुक्रवार को मालदा टाउन रेलवे स्टेशन, भागलपुर रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बीच रेलवन एप के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मालदा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंघल तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक रसराज माझी ने यात्रियों के साथ संवाद किया तथा उन्हें रेलवन एप के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने एप की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह रेलवे सेवाओं के लिए एक समेकित डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करता है। यात्रियों को रेलवन एप पर उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं जैसे टिकट बुकिंग, ट्रेन की वास्तविक समय की जानकारी, पीएनआर स्थिति की जांच, कोच पोजीशन देखना, प्लेटफॉर्म टिकट खरीदना तथा रेल मदद के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के बारे में अवगत कराया गया।
यात्रियों को सुविधाजनक एवं परेशानी मुक्त यात्रा के लिए इस एप को डाउनलोड कर उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया। इसी क्रम में साहिबगंज, भागलपुर तथा जमालपुर रेलवे स्टेशनों पर भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, ताकि डिजिटल रेलवे सेवाओं को बढ़ावा दिया जा सके तथा यात्रियों में रेलवन एप के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर