Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 06 मार्च(हि.स.)।
भारत नेपाल सीमा में पथरदेवा बॉर्डर के पास नियमित वाहन चेकिंग के क्रम में शुक्रवार को एक बाइक सवार को एसएसबी के एसआई आकाश चौधरी और कर्मी गंगा सागर ने रुकने को कहा।
एसएसबी के अचानक रुकने के कहने पर बाइक सवार बाइक लेकर भागने की कोशिश की,जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर गया और बुरी तरह जख्मी हो गया। जिसके बाद एसएसबी के अधिकारियों ने बथनाहा थाना पुलिस के सहयोग से जख्मी बाइक सवार को इलाज के लिए फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। बाइक सवार बगल के ही गांव जिमराही का रहने वाला सवार नारायण पासवान था।
ग्रामीणों को जब इस बात की जानकारी मिली तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर एसएसबी के खिलाफ हंगामा करने लगे। जिसे काफी मुश्किल से स्थानीय लोगों के सहयोग से समझा बुझाकर शांत कराया गया। सूचना पर एसएसबी 56 वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट ऑपरेशन एम.एम. भट्ट जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
डिप्टी कमांडेंट एम एम भट्ट ने मामले को लेकर कहा कि दरअसल तीन दिनों से भारत नेपाल सीमा को सील किया गया था और शुक्रवार दोपहर बारह बजे से उसे खोलने का निर्देश था,जिसके आलोक में सीमा पर एसएसबी के जवान और अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी और नियमित तौर पर वाहनों को चेकिंग की जा रही थी।इसी क्रम में बाइक सवार के भागने पर जवानों के दौड़ने पर अनियंत्रित होकर वह गिर गया और चोटिल हो गया।जिसे बथनाहा थाना पुलिस के सहयोग से फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर