गर्मी के मौसम में निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एनडीएमसी का समर एक्शन प्लानः कुलजीत सिंह चहल
नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए समर एक्शन प्लान–2026 के तैयारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्मियों की तैयारी के लिए एनडीएमसी 12 नए वाटर टैंकर ख
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए समर एक्शन प्लान–2026 के तैयारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्मियों की तैयारी के लिए एनडीएमसी 12 नए वाटर टैंकर खरीदेगा, आरके आश्रम में आधुनिक जल नियंत्रण कक्ष बनेगा साथ ही मुफ्त वॉटक एटीएम की संख्या बढ़ाई जाएगी।

उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि एनडीएमसी जल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान कर विनय मार्ग क्षेत्र में 24×7 जल आपूर्ति का पायलट प्रोजेक्ट लागू कर रहा है, जिसका उद्देश्य लगातार पानी की सप्लाई देना और पानी की बर्बादी को कम करना है। यह परियोजना जल्द पूरी होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में एनडीएमसी क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति मुख्य रूप से दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) से होती है, जो चंद्रावल, वजीराबाद, हैदरपुर और सोनिया विहार जल शोधन संयंत्रों से विभिन्न प्वाइंट्स के माध्यम से मिलती है। उन्होंने कहा कि जल वितरण को सुचारु बनाए रखने के लिए एनडीएमसी के पास 24 अंडरग्राउंड रेजरवॉयर और बूस्टिंग स्टेशन हैं, जिनके माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाती है।

चहल ने बताया कि जल प्रबंधन को और मजबूत बनाने के लिए आरके आश्रम में नया जल नियंत्रण कक्ष बनाया जा रहा है, जिसकी भंडारण क्षमता 10 लाख लीटर होगी। यह परियोजना अगले 7–9 महीनों में पूरी होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में एनडीएमसी क्षेत्र में 37 वॉटर एटीएम कार्यरत हैं, जिनमें से 17 भुगतान आधारित हैं और बाकी मुफ्त पानी उपलब्ध कराते हैं। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए क्लस्टर क्षेत्रों में लगभग 50 नए वॉटर एटीएम मुफ्त आधार पर लगाए जाएंगे।

चहल ने अभिभावकों, छात्रों और आगंतुकों को मुफ्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी एनडीएमसी और नवयुग स्कूलों के बाहर भी वॉटर एटीएम लगाने की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एनडीएमसी विनय मार्ग क्षेत्र में 24×7 जल आपूर्ति का पायलट प्रोजेक्ट भी लागू कर रहा है, जिसका उद्देश्य लगातार पानी की सप्लाई देना और पानी की बर्बादी को कम करना है।

चहल ने बताया कि एनडीएमसी पानी की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करता है। इसके लिए रेजरवॉयर, पाइपलाइन और घरों से पानी के सैंपल लिए जाते हैं। यदि कहीं पानी दूषित होने की शिकायत मिलती है तो उस क्षेत्र की जल आपूर्ति तुरंत रोककर टैंकर के माध्यम से साफ पेयजल उपलब्ध कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एनडीएमसी कालीबाड़ी मार्ग स्थित 24×7 जल आपूर्ति कंट्रोल रूम संचालित करता है।

चहल ने नागरिकों से पानी बचाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पानी की बर्बादी से बचें, लीकेज की नियमित जांच करें, नल खुला न छोड़ें, बाल्टी का उपयोग करें और पौधों को सुबह या शाम के समय पानी दें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुरक्षित और सतत पेयजल उपलब्ध कराने के विजन तथा विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप सभी प्रयासों के माध्यम से एनडीएमसी गर्मियों के दौरान विश्वसनीय जल आपूर्ति, त्वरित शिकायत निवारण और जिम्मेदार जल प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी