Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल ने शाहदरा उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त अभिषेक कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिलशाद कॉलोनी वार्ड का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र में चल रहे स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त ने निर्धारित स्थल पर निर्माण एवं ध्वस्तीकरण कचरे के संग्रहण की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि 11 मार्च को निगम के स्वयं के संसाधनों से 430 मीट्रिक टन सी और डी कचरे का संग्रहण किया गया। इस प्रकार अब तक कुल 755 मीट्रिक टन सी और डी कचरा एकत्रित किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त रेलवे क्षेत्र में स्थित लीगेसी कचरे को हटाने के कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार अब तक कुल 510 मीट्रिक टन कचरा हटाया जा चुका है।
निरीक्षण के दौरान पंकज नरेश अग्रवाल ने एमसीडी स्कूलो में बैंक खाते खोलने से संबंधित कार्यों, एसएसबीएल नाले की डी-सिल्टिंग, गैर-कार्यात्मक कम्पोस्ट प्लांट की स्थिति तथा पार्क में स्थापित कम्पोस्ट पिट्स के संचालन का भी निरीक्षण किया।
साथ ही उन्होंने सोसायटी मार्केट की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा बाजार में स्थापित पब्लिक टॉयलेट की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा नागरिक सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।
अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपशिष्ट प्रबंधन, नालों की सफाई तथा सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव के कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी