Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 07 फरवरी (हि.स.)। मुंबई नगर निगम की पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर ने शनिवार को कहा कि शिवसेना यूबीटी महापौर चुनाव में अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी मुंबई में मराठी महापौर बनाना चाहती है और भाजपा ने महापौर के लिए मराठी ही उतारा है, इसलिए उनकी पार्टी अपशकुन नहीं करना चाहती।
मुंबई नगर निगम में महापौर चुनाव के मद्देनजर आज शिवसेना यूबीटी के नेताओं की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक के बाद किशोरी पेडणेकर ने पत्रकारों को बताया, अगर कोई मराठी आदमी मुंबई का मेयर बनने जा रहा है, तो हम इसमें कोई अपशगुन नहीं करेंगे। हमारे लिए यह ज़रूरी है कि कोई मराठी आदमी जीता हो। भले ही नंबर हमारे फेवर में न हों, लेकिन यह हमारा फर्ज है कि हम मराठी पहचान का वह झंडा बनाए रखें जो बालासाहेब ठाकरे ने मुंबई में लगाया है।
किशोरी पेडनेकर ने साफ किया कि ठाकरे गुट मुंबई के मुद्दों पर आक्रामक रहेगा। उन्होंने कहा, हम म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में एक काबिल अपोजिशन पार्टी के तौर पर काम करेंगे। हम बिना किसी लालच या दबाव में आए मुंबईकरों के मुद्दे उठाएंगे। हम रूलिंग पार्टी के भ्रष्टाचार के आरोपों से नहीं डरते। जो लोग हमारे मुद्दे उठाना चाहते हैं, वे उठाएं, हम सामने खड़े हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव